विधायक अंबा प्रसाद ने पकवान बनाकर कार्यकर्ताओं को खिलाया, दी नए साल की बधाई
हजारीबाग / बड़कागांव की नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने मंगलवार को विजय जुलूस के दौरान अपने पैतृक गांव में कार्यकर्ताओं को अपने हाथों से पुआ बनाकर खिलाया। विधायक के पुआ पकवान बनाने की फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल है। पकवान बनाने और उसे कार्यकर्ताओं के बीच परोसने से कार्यकर्ता काफी खुश दिखे। उनका कहना था कि विजय जुलूस जैसे व्यस्त कार्यक्रम में मुश्किल से फुर्सत का क्षण निकालकर अपने हाथों से पुआ पकवान बना कर खिलाना हमारे लिए एक यादगार दिन है। पकवान बनाने के दौरान अंबा प्रसाद के चाचा, चाची व दादी, दादा मौजूद थे।
अंबा ने दी नए साल की बधाई
अंबा प्रसाद ने इस दौरान कार्यकर्ताओं और परिजनों को नए साल की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेरे दादा-दादी,चाचा-चाची, मेरे छोटे-बड़े भाई बहन एवं मेरे दोस्तों तथा साथियों, माता-पिता स्वरूप आप सभी लोगों को नये साल की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ये साल आपके और आपके परिवार के लिए अपार खुशियां लेकर आए।
जीत के साथ अंबा ने बनाए हैं कई रिकॉर्ड
अंबा प्रसाद ने अपने जीत के साथ कई रिकॉर्ड स्थापित कर लिए हैं। आजादी के बाद 1952 से लेकर अब तक लगभग 68 वर्षों में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से सबसे अधिक मतों से जीत हासिल करने का विशाल रिकॉर्ड स्थापित किया है। 2019 के विधानसभा चुनाव में अंबा प्रसाद को कुल 98862 मत प्राप्त हुए और उसने आजसू प्रत्याशी रोशनलाल चौधरी को 31514 मतों के भारी अंतर से हरा दिया। बड़कागांव विधानसभा का क्षेत्र पूरे देश में एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र था। जहां आजादी के बाद कांग्रेस को कभी जीत नसीब नहीं हुई थी और लगभग 58 वर्षों तक कांग्रेस का कोई विधायक बन नहीं पाया था। परंतु इस कलंक को योगेंद्र साव ने 2009 में धो डाला था। कांग्रेस के जीत का सिलसिला शुरू किया। 2014 में पत्नी निर्मला देवी अाैर 2019 में पुत्री अंबा प्रसाद ने जीत हासिल कर बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने लगातार जीत हासिल कर जीत की हैट्रिक पूरी की।