स्पीकर पद के लिए सिर्फ रवींद्र नाथ महतो ने किया छह सेटों में नामांकन, औपचारिक घोषणा 7 को
रांची / नाला से नव निर्वाचित झामुमो विधायक रवींद्र नाथ महतो 5वीं विधानसभा के स्पीकर होंगे। सोमवार को उन्होंने सत्ता पक्ष की ओर से स्पीकर पद के लिए एक मात्र प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। विपक्ष की ओर से किसी भी विधायक द्वारा स्पीकर पद के लिए नामांकन नहीं किया गया। इस तरह स्पीकर पद पर उनके चुने जाने की अब मात्र औपचारिकता शेष बची है। इसकी औपचारिक घोषणा भी मंगलवार को राज्यपाल के अभिभाषण से पूर्व कर दी जाएगी। अधिकारिक जानकारी के अनुसार महतो ने छह सेटों में अपना नामंकन दाखिल किया है। इसमें मुख्य विपक्ष भाजपा को छोड़ अन्य सभी दलों ने प्रस्तावक बनने का काम किया है। उनमें पहले प्रस्तावक के रूप में सदन के नेता व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के आलमगीर आलम, राजद के सत्यानंद भोक्ता, आजसू के सुदेश महतो, झामुमो के ही सरफराज अहमद शामिल हैं।
तीसरी बार विधायक चुने गये हैं रवींद्र नाथ महतो
रवींद्र नाथ महतो झामुमो की टिकट पर 2019 में तीसरी बार नाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गये हैं। इससे पूर्व वह 2005 और 2014 में भी नाला से ही झामुमो की ही टिकट पर विधायक चुने गये थे। वह शिबू सोरेन को आदर्श मान कर झारखंड आंदोलन में सक्रिय हुए फिर आगे चल कर झामुमो की राजनीति करने लगे। खुद बीएड की डिग्री हासिल कर चुके रवींद्र नाथ महतो का मुख्य पेशा खेती और राजनीति है। उन्हें एक पुत्र और एक पुत्री है। 12 जनवरी 1960 का जन्म पिता गोलक बिहारी महतो और माता रूप मंजरी देवी के घर हुआ था। रवींद्र नाथ महतो बीएससी-बीएड हैं। अच्छे व तार्किक वक्ता भी हैं।
नौवें स्पीकर होंगे रवींद्र नाथ महतो
रवींद्र नाथ महतो झारखंड विधानसभा के नौवें स्पीकर होंगे। अगर दो कार्यकारी अध्यक्षों के नाम को भी जोड़ दिया जाए तो वह 11 वें स्पीकर होंगे।
इंदरसिंह नामधारी-22 नवंबर 2000 से 29 मार्च 2004
बागुन सुंब्रई (कार्यकारी)-29 मार्च 2004 से 29 मई 2004
इंदर सिंह नामधारी-4 जून 2004 से 11 अगस्त 2004
मृगेंद्र प्रताप सिंह-18 अगस्त 2004 से 11 जनवरी 2005
सबा अहमद (कार्यकारी)-12 जनवरी 2005 से एक मार्च 2005
इंदरसिंह नामधारी-15 मार्च 2005 से 14 सितंबर 2006
आलमगीर आलम-20 अक्तूबर 2006 से 26 दिसंबर 2009
सीपी सिंह-6 जनवरी 2010 से 19 जुलाई 2013
शशांक शेखर भोक्ता-25 जुलाई 2013 से 23 दिसंबर 2014
दिनेश उरांव-7 जनवरी 2015 से 24 दिसंबर 2019