राज्य स्तर पर 14 के बाद राजधानी रांची में लांच किया जाएगा कांग्रेस का सदस्यता अभियान

राज्य स्तर पर 14 के बाद राजधानी रांची में लांच किया जाएगा कांग्रेस का सदस्यता अभियान


रांची / झारखंड में राज्य स्तर पर 14 जनवरी के बाद राजधानी रांची में वर्ष 2018-2022 कांग्रेस सदस्यता अभियान लांच किया जाएगा। यह अभियान घर-घर जाकर, हर मुहल्ले, पंचायत में जाकर चलाया जाएगा अाैर पार्टी के सदस्य बनाए जाएंगे। सदस्य बनाने में मात्रा की नहीं गुणवत्ता का ध्यान रखा जायेगा। प्रदेश कांग्रेस सदस्यता अभियान समिति की शुक्रवार काे हुई बैठक में ये निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्रदेश अध्यक्ष डा. रामेश्वर उरांव ने की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, जोनल को-आॅर्डिनेटर व सदस्यता प्रभारी भी उपस्थित थे। 


सदस्यता अभियान प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की अध्यक्षा सोनिया गांधी के निर्देश पर बैठक में युद्ध स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। 14 जनवरी के बाद स्टेट लेबल पर सदस्यता अभियान लांच करने के बाद प्रमंडलीय स्तर पर सदस्यता अभियान की शुरूआत की जायेगी। सदस्यता अभियान की लांचिंग मंे प्रदेश कांग्रस प्रभारी आरपीएन सिंह, सह प्रभारी उमंग सिंघार, सह को-आॅर्डिनेटर अजय शर्मा, सहित झारखंड सरकार के मंत्री व विधायक भी उपस्थित रहेंगे। सदस्यता फार्म के माध्यम से पार्टी का सदस्य बनाया जायेगा और इसके लिए पांच पांच रुपए शुल्क भी लिया जाएगा। सदस्यता लेने वालाें काे पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतो से अवगत कराया जायेगा। 


शिविर लगाकर भी बनाया जाएगा सदस्य
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि शिविर लगाकर भी कांग्रेस का सदस्य बनाया जायेगा। सदस्यता अभियान को जिला स्तर पर भी शुरूआत की जायेगी। जनवरी के महीने में ही जिला काॅंग्रेस अध्यक्षों के साथ राजधानी रांची में बैठक होगी और कांग्रेस पार्टी का जनाधार बढ़ाने को लेकर व्यापक रायशुमारी की जायेगी ताकि संगठन का स्वरूप पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ सके।