नशे में था ड्राइवर, तेज रफ्तार एसयूवी ने 9 युवकों को कुचला; दो की मौत
रांची / चुटिया थाना क्षेत्र में पटेल चाैक के पास मंगलवार देर रात एक एसयूवी ने 9 युवकाें काे कुचल दिया। इनमें चुटुपालू के बादल करमाली (20) और सिकिदरी के लाधो निवासी अजय भोगता (20) की मौत हो गई। सात युवक घायल हैं। इनमें रामगढ़ के सोनू करमाली और रोशन कुमार महतो की हालत गंभीर है। घटना रात 2.30 बजे हुई। 13 युवक फिरायालाल बैंक्वेट हॉल से कैटरिंग का काम खत्म कर चुटिया स्थित अपने किराए के आवास पर जा रहे थे। घटना के बाद एसयूवी के ड्राइवर ने भागने की कोशिश की। लेकिन लोगाें ने पकड़ लिया। उसे पीटा और गाड़ी में तोड़फोड़ की। पुलिस ने उसे बचाया। लोगों के मुताबिक वह नशे में था।
अपर बाजार के व्यवसायी का बेटा है आरोपी ड्राइवर
चुटिया थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि लाेगाें ने ड्राइवर जतिन बेदी काे पकड़कर पुलिस काे साैंप दिया है। उसके खिलाफ एफअाईअार दर्ज कर ली गई है। जतिन कृष्णा नगर काॅलाेनी, हेहल का रहने वाला है। वह बेंगलुरू में पढ़ाई करता है। उसके पिता की अपर बाजार में टेक्सटाइल की दुकान है।
चश्मदीद संजय की जुबानी
घटना के चश्मदीद संजय कुमार ने बताया कि सभी फिरायालाल बैंक्वेट में कैटरिंग कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद रात दो बजे सभी निकले। संजय व उनका एक और सहयोगी बाइक से थे। बाकी सभी चुटिया की ओर निकले। पटेल चौक के पास पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार गाड़ी सभी को रौंदती हुई भागने लगी। कई को गंभीर चोटें आईं। आसपास खड़े लोगों ने शोर मचाया और भाग रहे गाड़ी की ओर दौड़े। गाड़ी पटेल चौक से कुछ दूर पर ही जाकर रुक गई। आसपास के लोगों ने चालक को पकड़ लिया। उसमें दो और लोग सवार थे जो भीड़ का फायदा उठा भाग निकले। पुलिस कार चालक को अपने साथ ले गई। वहीं घायलों को पहले गुरुनानक भेजा गया। फिर वहां से रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में दो गंभीर रूप से घायलों का इलाज चल रहा है। डाक्टरों ने दोनों की स्थिति नाजुक बताई है। संजय ने बताया कि सभी रामगढ़ के गोला व सिकिदरी के रहने वाले हैं। रांची में कैटरिंग में काम करते हैं।