मटन नहीं देने पर होटल व्यवसायी को मारी गोली, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

मटन नहीं देने पर होटल व्यवसायी को मारी गोली, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार


गढ़वा / शहर के मेन राेड स्थित जवाहर भोजनालय के मालिक 35 वर्षीय सुनील केसरी को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना शुक्रवार रात करीब दस बजे की है। घटना के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने चार आरोिपयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अपराधी खाना खाने के लिए होटल पहुंचे थे। अपराधियों ने होटल संचालक से मटन की मांग की।संचालक द्वारा मटन नहीं होने की बात कही गई। जिस पर अपराधियों ने होटल व्यवसायी को धमकी देकर वहां से निकल गए। अपराधी वापस दस मिनट में होटल पहुंचे तथा उनमें से एक अपराधी ने देशी कट्‌टा से सुनील केसरी पर फायरिंग कर दी। सुनील केसरी बचने का प्रयास किया। जिससे गोली उसके बाईं हाथ को छेद करते हुए निकल गई। घटना के बाद अपराधी वहां से भाग निकले। अपराधियों की संख्या चार थी।


एसपी के निर्देश पर छापेमारी कर आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद आसपास के व्यवसायी इकट्‌ठा हो गए तथा सुनील केसरी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार सुनील केसरी की स्थिति खतरे से बाहर है। हालांकि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरा में सभी अपराधियों के चेहरे कैद हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा को रात में खंगालना शुरू किया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा के निर्देश पर रात में ही एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में टीम गठित कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दिया गया।


पकड़े गए सभी अपराधी 
एसडीपीओ बहामन टूटी ने शनिवार को सदर थाना में पत्रकार वार्ता आयोजित कर कहा कि घटना में शामिल सभी चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयोग किया गया देशी कट्‌टा, एक बाईक, थ्री फिफ्टिन का एक कारतूस व दो खोखा बरामद किया है। एसडीपीओ ने कहा कि 24 घंटे के अंदर घटना का उद्भेदन करते हुए सभी अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में शहर के चिनियां रोड निवासी निशांत द्विवेदी उर्फ छोटू दूबे, सोनपुरवा मोहल्ला स्टेशन रोड निवासी विक्की खान उर्फ शहबाज खान, सोनपुरवा गांधीनगर निवासी आशु पांडेय और छोटू तिवारी शामिल हैं।


 कलाकारों के साथ भी इन्हीं अपराधियों ने की थी मारपीट व लूट
एसडीपीओ ने कहा कि गढ़वा स्टेशन के पास यात्रियों के साथ भी मारपीट कर इन्हीं अपराधियों ने 35 हजार रुपए की लूट की थी। भुक्तभोगी सदर थाने के जोबरईया निवासी भगवान दास उर्फ छोटू रावत ने अज्ञात अपराधियों पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि भगवान दास, अमित कुमार रवि, रजनीश चौबे, रंजीत शर्मा व एक अन्य गढ़वा टाउन स्टेशन से पटना जाने के लिए निकले थे। मगर गढ़वा स्टेशन से थोड़ी दूर पहले ही गिरफ्तार किए गए अपराधियों ने मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार कलाकारों का म्यूजिक इंस्टूमेंट पहुंचाने स्टेशन गए कलाकारों के सहयोगी जन्नत अंसारी के साथ भी अपराधियों ने मारपीट की।