झारखंड की तरह बिहार में भी उड़ जाएगी डबल इंजन की सरकार: जयप्रकाश नारायण यादव
रांची / प्रदेश राजद प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि जिस प्रकार से झारखंड की डबल इंजन की सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका, उसी प्रकार बिहार में भी अगले वर्ष के चुनाव में उखड़ जाएगी। जिस प्रकार से झारखंड की जनता ने एक तानाशाही, घमंडी एवं भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंका है, उसके लिए जनता बधाई की पात्र है। यह बातें जयप्रकाश नारायण यादव ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि यह धरती बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू एवं चांद भैरव की धरती है। मगर रघुवर सरकार ने झारखंडी तानाबाना को बिगाड़ने का काम किया। जिन्हें जनता ने अपना जवाब दे दिया। जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि एनआरसी, सीएस एवं एनआरपी देश एवं संविधान के साथ खिलवाड़, किसी भी कीमत पर मान्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बिहार में झारखंड की तरह विपक्षी गठबंधन बनेगा और एनडीए का समूल नाश किया जाएगा।
इस मौके पर उपस्थित झारखंड के नवनियुक्त मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि उन्हें टिकट देने एवं जिताने मंें लालू यादव, तेजस्वी यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि वे इससे पहले कृषि मंत्री एवं पेयजल विभाग का काम देख चुके हैं। फिर मुख्यमंत्री उन्हें जो जिम्मेवारी देंगे, उसे निभाएंगे।