जल्द होगी झारखंड में ट्राइबल यूनिवर्सिटी खोलने की पहल : हेमंत सोरेन
रांची / मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ, नारी सशक्तिकरण पर पर विशेष कार्य करेगी। सरकार बहुत जल्द इन सभी क्षेत्रों में कार्य करना प्रारंभ कर देगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द राज्य सरकार झारखंड में ट्राइबल यूनिवर्सिटी खोलने की दिशा में पहल करेगी। इसके लिए केंद्र सरकार के मानव संसाधन विभाग से राज्य में ट्राइबल यूनिवर्सिटी खोलने के मुद्दे पर बात करेगी। मुख्यमंत्री रविवार को दुमका में प्रबुद्ध नागरिकों एवं मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वह आम जनता के विश्वास को टूटने नहीं देंगे। दुमका उनकी कर्मभूमि है। कर्मभूमि की सेवा पूरे मान सम्मान के साथ करूंगा। अपने माता पिता की तरह इस कर्मभूमि की सेवा करूंगा। उन्होंने कहा कि लोगों के सामने कई इच्छाएं हैं लेकिन इस इस मुलाकात की अवधि में सारी बातें नहीं हो सकती। वह विश्वास दिलाता हैं कि अाम लोगों की सभी बातों को सरकार सुनेगी तथा परेशानियों को दूर करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार स्वच्छ और पारदर्शी शासन व्यवस्था देगी। भ्रष्टाचार से किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पंचायत, प्रखंड, जिला से लेकर राज्य तक कहीं भी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की तीसरी आंख हर गतिविधि पर नज़र रखेगी। भ्रष्टाचार करने वाले लोगों को सरकार जेल का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने बूके की जगह बुक देकर स्वागत करने की शुरू की गयी परंपरा का अाम लोगों द्वारा समर्थन किये जाने पर शुक्रिया अदा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसानों का विशेष ख्याल रखेगी। हरी सब्जियों को ताजी रखने की व्यवस्था होगी ताकि किसानों को औने-पौने दामों में अपनी सब्जी नहीं बेचना बड़े। हेमंत ने कहा कि राज्य को विकास के पथ पर ले जाने के लिए सरकार को आम जन का सहयोग मिलेगा। सभी वर्ग मिलकर राज्य को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के लिए भी विशेष योजनाएं लाने का अाश्वासन दिया। इससे पूर्व अहले सुबह दुमका के पगला बाबा मंदिर एवं दिशोम मांझी थान में विधिवत रूप से पूजा अर्चना की एवं प्रदेश वासियों के लिए खुशहाली की कामना की।