8 से 11 जनवरी तक बारिश होने के आसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर
रांची / झारखंड में दो दिन बाद फिर मौसम बदलेगा। छह और सात जनवरी को सुबह कोहरा रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। लेकिन सात जनवरी की रात से फिर बादल छाएंगे। आठ से 11 जनवरी तक रांची सहित पूरे झारखंड में फिर बारिश के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर झारखंड पर सक्रिय हो गया है। इसी वजह से बारिश होने की संभावना है। रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रहा, जबकि कांके का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री दर्ज किया गया।
इसी तरह डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री रहा। रांची में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की उम्मीद है। उधर, ठंड के कारण राज्य में दो लोगों की मौत हो गई। दुमका पुलिस लाइन में तैनात सिपाही चंदन कुमार ने ठंड लगने के कारण दम तोड़ दिया। वह साहेबगंज के निवासी थे। वहीं रामगढ़ के नरेश रविदास की भी ठंड लगने से जान चली गई।